मुंगेली : जनदर्शन: कलेक्टर ने दो हितग्राहियों को मौके पर ही प्रदान किया श्रवण यंत्र…

सुनवाई के साथ मिला तत्काल समाधान, आमजनों की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

  जिला कलेक्टोरेट में आज जनदर्शन कार्यक्रम का आयेाजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनदर्शन में पहुंचे दो श्रवण बाधित हितग्राहियों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें मौके पर ही श्रवण यंत्र प्रदान कर लाभान्वित किया।

ग्राम खपरीडीह निवासी श्रीमती सहोदरा साहू ने बताया कि उन्हें लंबे समय से सुनने में कठिनाई हो रही थी। जिला चिकित्सालय में जांच कराने पर चिकित्सकों ने श्रवण यंत्र लगाने की सलाह दी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे इसे खरीदने में असमर्थ थीं।

उनकी समस्या सुनते ही कलेक्टर ने तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर मौके पर ही श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया। इसी प्रकार विनोबा भावे वार्ड, मुंगेली निवासी श्री मनहरण श्रीवास ने भी श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर के निर्देश पर उन्हें भी तत्काल श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। अचानक मिली इस सहायता से दोनों हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उनकी वर्षों की समस्या का त्वरित समाधान हुआ है।

    कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का यथासंभव त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि आमजन को शासन की संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।


   जनदर्शन में ग्राम कोलिहा केजहा ने ऋण पुस्तिका में खातेदारों के नाम में त्रुटि सुधार कराने, ग्राम डिंडोरी के राम प्रसाद साहू ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम मारूकापा के सुरेश माथुर ने सड़क में मुरुम डलवाने, ग्राम दामापुर के हरिश्चंद्र साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शौचालय योजना का लाभ दिलाने, बड़ा बाजार मुंगेली की श्वेता तंबोली ने पैतृक भूमि का बंटवारा कराने तथा मुंगेली के बाबूलाल ने भूमि सीमांकन कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने अधिकारियों को निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने पुलिस विभाग से संबंधित आवेदनों का निराकरण करने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *