अत्यधिक गर्मी से सबसे ज्यादा खतरे वाले शहरों में भारत, पाकिस्तान, नाइजीरिया और घाना शीर्ष चार देशों में शामिल हैं। एक हालिया अध्ययन के अनुसार, जिसमें दुनिया के 205 सबसे बड़े शहरों का विश्लेषण किया गया है, भारत इस सूची में सबसे ऊपर है।
यहां दुनिया के शीर्ष 50 सबसे जोखिम वाले शहरों में से 14 शहर अकेले भारत से हैं। आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक विश्लेषण के अनुसार, इराक का शहर अल बासरा दुनिया का सबसे अधिक जोखिम वाला शहर है, इसके बाद गुजरात का अहमदाबाद है।
यह अध्ययन “सस्टेनेबल सिटीज एंड सोसाइटी” पत्रिका में प्रकाशित हुआ है। शीर्ष 50 जोखिम वाले स्थानों में शामिल 14 भारतीय शहरों में महाराष्ट्र के नागपुर और पुणे, तमिलनाडु के मदुरै और चेन्नई, कर्नाटक का बेंगलुरु व उप्र के कानपुर और लखनऊ शामिल हैं।