सेक्टर-74 स्थित केप टाउन सोसाइटी के पास बने पार्क और ओपन जिम इन दिनों मच्छरों के भारी प्रकोप के कारण वीरान होते जा रहे हैं। विभाग द्वारा बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के स्वास्थ्य व मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए इन पार्कों और ओपन जिम का निर्माण कराया गया था, लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग डेंगू के डर से यहां आना बंद कर चुके हैं।
स्थानीय निवासी वीके गुप्ता ने बताया कि पार्कों की देखरेख का जिम्मा हार्टिकल्चर विभाग के पास है, लेकिन मच्छरों से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि विभाग के पास फागिंग की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं जब इस संबंध में हेल्थ विभाग से संपर्क किया गया तो उन्होंने साफ कह दिया कि पार्क उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते, इसलिए वे वहां फागिंग नहीं कर सकते।
युवा अब मच्छरों के कारण घरों में रहने को मजबूर
दोनों विभागों के बीच जिम्मेदारी को लेकर चल रही इस खींचतान का खामियाजा सीधे तौर पर आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पार्कों में सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्ग, खेलने आने वाले बच्चे और फिटनेस के लिए ओपन जिम का उपयोग करने वाले युवा अब मच्छरों के कारण घरों में रहने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि कुछ मिनट भी पार्क में रुकना मुश्किल हो गया है। लोगों में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का भय साफ नजर आ रहा है। कई परिवारों ने बच्चों को पार्क में भेजना पूरी तरह बंद कर दिया है।
निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि विभागीय विवाद को खत्म कर तुरंत प्रभाव से पार्कों में नियमित फागिंग शुरू कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे इस मुद्दे को लेकर सामूहिक रूप से प्राधिकरण के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होंगे। फिलहाल, सेक्टर-74 के ये पार्क प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बनते जा रहे हैं, जहां सुविधाएं होने के बावजूद लोग उनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।