लारेंस बिश्नोई गिरोह ने पिछले साल पुलिस को एक पत्र भेजा था, जिसमें दावा किया गया था कि दक्षिण एशियाई प्रवासियों को निशाना बनाकर की जा रही उनकी जबरन वसूली की मुहिम के तहत देश में 1,000 से अधिक लोग गोलीबारी करने के लिए तैयार हैं। यह जानकारी कनाडाई पुलिस ने दी है।
कनाडा पुलिस का खुलासा
कनाडाई प्रसारक ग्लोबल न्यूज ने गुरुवार को कहा कि यह पत्र 13 अगस्त 2025 को ब्रिटिश कोलंबिया के एबाट्सफोर्ड स्थित एक पुलिस स्टेशन में पहुंचाया गया था।
यह मामला तब सामने आया, जब एडमंटन पुलिस सेवा के कांस्टेबल केविन सेंट लुइस ने आव्रजन और शरणार्थी बोर्ड के समक्ष गवाही देते हुए एक निर्वासन सुनवाई के दौरान पत्र का विस्तार से वर्णन किया।
1000 से अधिक लोग गोलीबारी को तैयार
सेंट लुइस ने आव्रजन और शरणार्थी बोर्ड को बताया, ‘पुलिस को वास्तव में लारेंस बिश्नोई गिरोह के नाम से एक पत्र मिला था, जो एक पुलिस स्टेशन में भेजा गया था। पत्र में आपराधिक संगठन का संक्षिप्त विवरण था, जिसमें बताया गया था कि उनके समूह में 1000 से अधिक लोग गोलीबारी करने के लिए तैयार हैं।’
एबाट्सफोर्ड पुलिस विभाग ने पत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। सार्जेंट पाल वाकर ने बताया, “इस पत्र का विवरण हमारे कानून प्रवर्तन सहयोगियों के साथ साझा किया गया था।’