देश में मानसून की रफ्तार धीमी होने के बावजूद मौसम ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से 16 लोगों की जान चली गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 23 जून को तेलंगाना से आगे बढ़ छत्तीसगढ़ पहुंचने की संभावना है।
दरअसल, मानसून अब तक 19 राज्यों में पहुंच चुका है, लेकिन 8 जून से तेलंगाना में ही फंसा हुआ है। यानी 12 दिनों से मानसून तेलंगाना से आगे नहीं बढ़ा रहा है। हालांकि, यूपी और राजस्थान समेत 8 राज्यों में प्री-मानसून के बावजूद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मानसून के लिए जरूरी सिस्टम सक्रिय हो गए हैं। अगले 4-5 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ सकता है।
मोसम विभाग ने आज राजस्थान के कोटा, उदयपुर और अजमेर समेत 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।
44 के पार पारा
मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ जहां बारिश के कारण कुछ राज्यों को गर्मी से राहत मिली है, तो वहीं कुछ राज्यों में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। बीते बुधवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई शहरों में पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे अधिक तापमान यूपी के बांदा में 44.2°C दर्ज किया गया।
21 जून के मौसम की जानकारी
महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 23 जून, 2026 के आसपास दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। 21 जून तक सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।