छत्तीसगढ़ के बालोद में छात्रा पर एसिड अटैक के आरोपितों पर भीड़ का हमला, चेहरों पर पोती कालिख…

छत्तीसगढ़ के बालोद में एक दारोगा की 22 वर्षीय बेटी के विवाह प्रस्ताव ठुकराने पर उसके सहपाठी ने ही एसिड अटैक करवा दिया। लड़की पर यह हमला उसके सहपाठी ने अपने बचपन के एक दोस्त से करवाया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को पुलिस ने मुंडन के बाद दोनों आरोपितों का जुलूस निकाला। आक्रोशित भीड़ ने उनके चेहरे पर कालिख पोती और मारपीट की। लोगों ने आरोपितों को फांसी देने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, छात्रा और आरोपित यश एक ही कोचिंग में पढ़ते थे। दोनों के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। छात्रा ने एमएससी की है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। यश उसे पसंद करता था।

विवाह का प्रस्ताव ठुकराने पर उसने करीब तीन महीने पहले अपने बचपन के दोस्त करण के साथ मिलकर हमला करने की साजिश रची। योजना के तहत 26 सितंबर को करण को बुलाया गया। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान हमला करने की तैयारी की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण वारदात टाल दी। इसके बाद दोनों ने दूसरे मौके का इंतजार किया।

दाईं आंख की रोशनी गई, एक हाथ भी जला

पांच अक्टूबर को दोपहर छात्रा लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान यश के कहने पर करण ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा बुरी तरह झुलस गया, दाईं आंख की रोशनी चली गई और एक हाथ भी जल गया।

प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच शुरू की। संदेह के आधार पर यश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें साजिश का राजफाश हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *