भिलाई नगर, 14 सितंबर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व तीजा के अवसर पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने सामाजिक सरोकार और अपनत्व से जुड़ी एक सराहनीय पहल की है। तीजा पर्व पर मायके गईं बहनों के पतियों के लिए 14 सितंबर को निःशुल्क भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। विधायक की इस पहल में जनसेवा के साथ पारिवारिक भावनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी की झलक दिखाई देती है।
निःशुल्क दोपहर के भोजन की व्यवस्था नेहरू नगर स्थित विधायक कार्यालय के सामने श्रीराम रसोई तथा सुपेला हनुमान मंदिर के पास स्थित राम रसोई में की गई है। वहीं रात्रि भोजन के लिए वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंट में विशेष व्यवस्था रहेगी।
रात्रि भोजन का लाभ लेने के लिए श्वेतांबर जैन मंदिर के सामने, जीरो रोड, शांतिनगर स्थित विधायक रिकेश सेन के कार्यालय से कूपन वितरित किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति विधायक कार्यालय से कूपन प्राप्त कर निर्धारित रेस्टोरेंट में कूपन दिखाकर निःशुल्क भोजन कर सकेंगे।
तीजा पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकपरंपरा और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। इस दौरान विवाहित बेटियों के मायके आने की परंपरा के बीच विधायक रिकेश सेन की ओर से उनके पतियों के लिए भोजन की व्यवस्था को सामाजिक अपनत्व की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
विधायक की इस पहल से तीजा पर्व की खुशियों को सेवा और संवेदना से जोड़ने का संदेश भी सामने आया है। क्षेत्र में जनसरोकार से जुड़े कार्यों और आमजन के प्रति सहजता के लिए विधायक रिकेश सेन की इस पहल की चर्चा हो रही है।