मिजोरम के लाग्टलाई जिले के सांगाऊ गांव की रहने वाली जेड टी लालरिथांगी (जिन्हें ‘पि मारी-ई’ के नाम से भी जाना जाता है) को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) ने इंटरनेशनल ईयर ऑफ विमेन फार्मर्स 2026 के तहत एग्री-फूड सिस्टम और ग्रामीण विकास में 100 महिला नायिकाओं में चुना है।
उन्होंने स्ट्राबेरी की खेती को कमाई का जरिया बनाया है। स्ट्राबेरी की खेती की कोई औपचारिक ट्रेनिंग न होने के कारण, उन्होंने मुख्य रूप से इंटरनेट पर मौजूद खेती से जुड़े ट्यूटोरियल्स और अन्य किसानों से इस संबंध में जानकारी हासिल की।
लालरिथांगी ने बताया कि उन्हें 131 देशों की 600 से अधिक महिलाओं में से चुना गया है और इस सम्मान के लिए चुनी गई 100 महिलाओं में वह भी शामिल हैं।
एफएओ ने उन्हें 21 सितंबर को ईमेल के जरिए उनके चयन और पुरस्कार लेने के लिए बुलाए जाने की जानकारी दी थी। उन्हें यह पुरस्कार रोम में एफएओ मुख्यालय में 12 से 16 अक्टूबर तक होने वाले वर्ल्ड फूड फोरम के दौरान दिया जाएगा।