घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर दूसरी मंजिल पर पहुंचे डकैतों ने असलहों के बल पर किराना व्यापारी के पूरे परिवार को बंधक बना लिया। सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए। घर में रखी करीब 15 लाख रुपये और लगभग 80 लाख से अधिक के जेवरात लूट लिए। पुलिस अधीक्षक ने डकैतों का पता लगाने के लिए पांच टीमें गठित कर दी हैं।
देवा कोतवाली के ग्वारी निवासी किराना व्यापारी हिमांशु जायसवाल का मकान मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। नीचे उनकी दुकान है, जबकि ऊपर दूसरी मंजिल पर बने मकान में परिवार रहता है। घर वालों के अनुसार रात करीब आधा दर्जन से अधिक डकैत घर के पिछले हिस्से में लगे दरवाजे को तोड़कर घर में घुस आए।
बारी-बारी से बांध दिए हाथ-पैर
डकैतों ने घर के अगले कमरे में सो रहे हिमांशु जायसवाल, पत्नी प्रियंका, मां नंदिनी और बहन दीपिका और सोनाली पर एक के बाद एक कई असलहे तान दिए गए। सभी सदस्यों के बारी-बारी से हाथ-पैर बांध दिए।
इसके बाद लुटेरों ने घर में रखे करीब 15 लाख रुपये नकद और सभी महिलाओं के करीब 250 ग्राम से अधिक सोने व चांदी के जेवरात समेट लिए, जिनकी कीमत तकरीबन 80 लाख से अधिक है।
घटना के बाद डकैत आराम से फरार हो गए। बदमाशों का यह तांडव करीब 40 मिनट तक चला। दीपिका के बच्चे पर भी रिवॉल्वर तान कर डराया। घर में मौजूद भतीजी ने बंधन खोलकर उन्हें मुक्त कराया। इसके बाद यूपी-112 पुलिस को सूचना दी गई।
सीओ सिटी संगम कुमार और थाना प्रभारी यशकांत सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लेकर परिवार के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।