तमिलनाडु के मंत्री एस. रमेश ने शुक्रवार को जनता से अपील की कि वे विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण वाले मंदिरों में अनियमितताओं, नौकरी के बदले पैसे लेने और अन्य गलत कामों की रिपोर्ट करें।
मंत्री ने हाल ही में तिरुचेंदूर के एक मंदिर में निरीक्षण के दौरान भक्तों को जल्दी दर्शन कराने के लिए मंदिर के कर्मचारियों से जुड़े अवैध लेन-देन को उजागर किया था। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपनी शिकायतें सबूत के साथ भेजें।
रमेश ने कहा, “मैं आपको बताना चाहता हूं कि मेरा कार्यालय और मैं इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।” उनकी यह अपील मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के साफ-सुथरा और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन देने के आश्वासन के बाद आई है।
सत्ताधारी टीवीके ने पिछली सरकार द्वारा मंजूर किए गए 46 मंदिर परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक मंजूरी रद कर दी थी। पार्टी का कहना था कि मंदिर के फंड का इस्तेमाल कमर्शियल प्रोजेक्ट्स के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
राज्य सरकार ने कुन्नूर में मंदिर के फंड से बनने वाले मल्टी-लेवल कार पार्किंग प्रोजेक्ट को भी रद कर दिया, जिसे पिछली सरकार ने प्रस्तावित किया था।
टीवीके विधायक को रिश्वत देने की कोशिश मामले में पांच और गिरफ्तार
तमिलनाडु पुलिस ने बताया कि उथंगराई विधानसभा क्षेत्र से टीवीके विधायक एन. एलैयाराजा को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या आठ हो गई है।
29 जून को शिकायत में एलैयाराजा ने कहा था कि उन्हें इंडियन पालिटिकल डेमोक्रेटिक स्ट्रेटेजीज के पोलस्टर थिरुनावुक्कारासु का फोन आया था। उसने एक बड़ी राजनीतिक पार्टी की ओर से बात करने का दावा किया था और विधानसभा में स्पीकर के विरुद्ध लाए जाने वाले अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान के लिए 35 करोड़ रुपये की पेशकश की थी।