अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने मंगलवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की तारीफ की और उन्हें अच्छा व्यक्ति बताया। हालांकि इसके साथ ही ईरान युद्ध में साथ नहीं देने के लिए उनकी आलोचना भी की।
ट्रंप ने एक दिन पहले मेलोनी को लेकर तंज कसा था। बता दें कि मेलोनी को पहले ट्रंप का करीबी सहयोगी माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों नेताओं के बीच तनातनी जारी है।
तुर्किये में नाटो शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “मेरा उनके साथ संबंध थोड़ा खराब हो गया है, क्योंकि उन्होंने हमारी मदद करने से इनकार कर दिया था। लेकिन मुझे वह पसंद हैं। मुझे लगता है कि वह वास्तव में एक अच्छी व्यक्ति हैं, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने एक गलती की।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इससे पहले सोमवार को अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मेलोनी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन लिखा, “निरोधक आदेश की जरूरत है।”
ग्रीनलैंड पर अमेरिका का होना चाहिए नियंत्रण: ट्रंप
ट्रंप ने अंकारा में तुर्किये के राष्ट्रपति के साथ बैठक के दौरान पत्रकारों से कहा कि ग्रीनलैंड पर डेनमार्क का नहीं बल्कि अमेरिका का नियंत्रण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड पर नियंत्रण के मुद्दे ने नाटो के साथ अमेरिका के संबंधों को नुकसान पहुंचाया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बयान ऐसे समय दिया, जब नाटो के नेता शिखर सम्मेलन के लिए तुर्किय में जुटे हुए हैं।
हर लड़की हिजाब में, ट्रंप ने शेयर किया वीडियो
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मिनेसोटा प्रांत के एक किंडरगार्टन में ग्रेजुएशन सेरेमनी का एक वीडियो शेयर किया और इसके साथ लिखा कि हर लड़की हिजाब में।
इसकी प्रतिक्रिया में मिनेसोटा के गवर्नर टीम वॉल्ज ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति किंडरगार्टन के बच्चों के उस पहनावे को लेकर निशाना बना रहे, जो स्कूल में पहना जाता है।