झलकारी बाई अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, हाइजीन किट का किया गया वितरण…

(वर्षा वर्मासमाज सेविका – लखनऊ):

हजरतगंज। प्रत्येक मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी हजरतगंज स्थित झलकारी बाई अस्पताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती माताओं को हाइजीन किट वितरित की गई तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने माताओं को शिशु के लिए स्तनपान के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ तथा सही तरीके से स्तनपान कराने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। साथ ही माहवारी के दौरान कपड़े के उपयोग से होने वाले संभावित संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी देते हुए सैनिटरी पैड के नियमित उपयोग के लाभ बताए गए।

प्रसव के बाद माताओं के पोषण पर भी विशेष जोर दिया गया। उन्हें हरी पत्तेदार सब्जियां, ताजे फल तथा नियमित अंतराल पर पौष्टिक आहार लेने से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत माताओं एवं बच्चों को हाइजीन किट प्रदान की गई, जिसमें नए कपड़ों की एक जोड़ी, हैंड टॉवल, सैनिटरी पैड, ताजे फल, फेस मास्क, साबुन, शैंपू तथा बिस्किट के पैकेट सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। उपयोगी सामग्री प्राप्त कर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना और इसे अपने तथा अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर झलकारी बाई अस्पताल का पूरा स्टाफ भी सक्रिय रूप से मौजूद रहा और कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया। साथ ही संक्रमण से बचाव और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी साझा की गई।

आयोजकों ने बताया कि समाजहित एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे सेवा कार्य नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं इस प्रकार की सामाजिक सेवा गतिविधियों के लिए संपर्क कर सकती हैं।

संपर्क सूत्र: वर्षा वर्मा – 8318193805

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *