लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराने के बाद बस में भीषण आग, ड्राइवर जिंदा जला; 24 से अधिक यात्री झुलसे…

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार रात करीब दो बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। मटसेना थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 46 किलोमीटर पर कानपुर से गुरुग्राम जा रही बस ने आगे चल रहे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई।

आग की लपटें और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुर्घटना में बस चालक शंभू की स्टियरिंग में फंसने के कारण जिंदा जलकर मौत हो गई। बस में सवार दो दर्जन यात्री झुलस गए, जिनमें एक दर्जन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 30 यात्री सवार थे।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी और सीएफओ सत्येंद्र पांडे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात के अंधेरे और तेज रफ्तार में बस चालक की लापरवाही दुर्घटना का मुख्य कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *