बांग्लादेश के मशहूर पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार स्थित सी-साइड रिसॉर्ट में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 10 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग घायल हो गए।
उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार के अनुसार, यह हादसा इनानी क्षेत्र में मरीन ड्राइव पर पटुआरटेक बीच के पास स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में हुआ। आग सुबह करीब 6:30 बजे भड़की। फायर सर्विस के प्रवक्ता तल्हा बिन जासिम ने दोपहर करीब 1:30 बजे 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।
बांस और लकड़ी से बना था तीन मंजिला रिसॉर्ट
यह तीन मंजिला रिसॉर्ट मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से तैयार किया गया था, जो कोलातोली से लगभग 29 किलोमीटर दूर स्थित है। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बेहद तेजी से फैली और उसने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
कॉक्स बाजार फायर सर्विस के उप सहायक निदेशक सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग की लपटों में रिसॉर्ट का पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया है।
रिसॉर्ट में 30 लोग थे मौजूद
हादसे के वक्त रिसॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे, जिनमें से केवल चार से पांच लोग ही जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे में घायल हुए 9 लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर सबुक्तगिन महमूद सोहेल ने बताया कि झुलसे हुए 5 मरीजों का इलाज जारी है, जबकि गिरने से चोटिल हुए एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
आग के कारणों की जांच तेज
कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान ने बताया कि अब तक छह शव बरामद किए जा चुके हैं। शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए परिवारों को सौंपने से पहले उनके डीएनए के नमूने लिए जाएंगे। फिलहाल आग लगने की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि आग रिसॉर्ट की किचन से शुरू हुई होगी, हालांकि दमकल विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।