जिला मेरठ क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने जेठ पर दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। इतना ही नहीं अतिरिक्त दहेज को मांग कर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे प्रताड़ित किया।
पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास और धमकी देने सहित विभिन्न आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में मेरठ के थाना गंगानगर क्षेत्र निवासी विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी 15 दिसंबर 2023 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के एक गांव के जसवीर सिवाल के साथ हुई थी।
विवाह के कुछ समय बाद ही पति जसवीर, ननद शिवानी, नंदोई अरुण, नंदोई के पिता देवेंद्र सिंह तथा जेठ कपिल उस पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि उससे पांच लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।
आरोप है कि जेठ उस पर गलत नजर रखता था और एक दिन घर में अकेला पाकर उसने उसे पीछे से पकड़ लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद उसने अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, लेकिन किसी ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया।
आरोप है कि घटना के बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रहा और परिवार के अन्य सदस्य भी जेठ का पक्ष लेते रहे। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने महिला थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, जेठ, ननद, नन्दोई और नन्दोई के पिता समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।