रूस से तो कई देश कर रहे व्यापार, फिर सिर्फ भारत पर ही सवाल क्यों? ट्रंप ने दिया जवाब…

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल खरीद के लिए केवल भारत को निशाना बनाने को लेकर अपना पक्ष रखा है।

उन्होंने कहा कि अभी बहुत कुछ होना बाकी है, आने वाले समय में आप और भी ज्यादा सेकेंडरी टैरिफ देखेंगे।

ट्रंप का यह जवाब उस सवाल के जवाब में आया, जिसमें उनसे पूछा गया था कि भारतीय अधिकारियों का कहना है कि रूस के साथ तो यूरोप अमेरिका समेत दुनिया के तमाम देशों का व्यापार जारी है, फिर अकेले भारत को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है।

वाइट हाउस में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “अभी केवल 8 घंटे हुए हैं… देखते हैं अभी क्या होता है। आप कुछ ही समय में बहुत कुछ देखेंगे… आप बहुत सारे सेकेंडरी सेंकशन देखेंगे।”

इसके अलावा ट्रंप से जब पूछा गया कि अगर रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौता हो जाता है तो क्या वह भारत पर लगा टैरिफ हटा देंगे? इसका जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “तब का तब से देखेंगे… लेकिन फिलहाल भारत 50 फीसदी टैरिफ देगा।”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या रूसी तेल खरीद और अन्य व्यापार के लिए चीन के ऊपर भी टैरिफ लगाया जाएगा? और क्या वह चीन के खिलाफ भी ऊँचे टैरिफ लगाने की योजना बना रहे हैं। इस सवाल का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, “ऐसा हो सकता है… निर्भर करता है कि हम इसे कैसे करना चाहते हैं… लेकिन ऐसा हो सकता है।”

गौरतलब है कि ट्रंप द्वारा भारत के ऊपर घोषित किए गए टैरिफ को लेकर केवल नई दिल्ली में ही नहीं बल्कि वाशिंगटन में भी लोग हैरत में हैं। कई लोग इसका समर्थन कर रहे हैं तो वहीं कई लोग केवल भारत को निशाना न बनाने की सलाह दे रहे हैं।

ट्रंप की पार्टी की नेता निक्की हेली ने भी बुधवार को ट्रंप के इस फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने भारत को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार भी करार दिया था।

हेली ने कहा, “भारत को रूस से तेल नहीं खरीदना चाहिए। लेकिन चीन, जो एक विरोधी और रूसी तथा ईरानी तेल का नंबर एक खरीदार है, को 90 दिनों की टैरिफ रोक मिली है। चीन को छूट न दें और भारत जैसे मजबूत सहयोगी के साथ अपने रिश्ते खराब न करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *