अभिनेत्री मंदाना करीमी (Mandana Karimi) ने भारत छोड़ने की घोषणा की है। एक्ट्रेस लगभग 16 साल से यहां रह रही थीं। अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक AMA सेशन के दौरान यह भावुक खबर शेयर की।
फैन के सवाल पर भावुक हुईं एक्ट्रेस
एक्ट्रेस ने इस कठिन निर्णय और इसके पीछे के कारणों के बारे में बताया। एक फैन ने मंदाना से सवाल पूछा था कि क्या उन्होंने मुंबई को हमेशा के लिए छोड़ दिया है? क्या उन्हें शहर की याद आएगी? इस पर मंदाना ने एयरपोर्ट से एक वीडियो पोस्ट किया और कहा, “मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी और न ही विश्वास किया था कि मैं ऐसा कह पाऊंगी, ‘अलविदा भारत’।”
उन्होंने आगे कहा, “यह मुश्किल होने वाला है। लेकिन भारत में लगभग 16 साल बिताने के बाद, आखिरकार मैं अपने दूसरे घर को पीछे छोड़ रही हूं और यहां से नई शुरुआत हो रही है। नया देश, नया घर, सब कुछ नया।”
क्यों छोड़ना चाहती हैं देश?
इस साल की शुरुआत में, एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में मंदाना ने पुष्टि की थी कि वह सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत छोड़ने की योजना बना रही हैं। अपने फैसले के बारे में बताते हुए मंदाना ने कहा, “भारत में रहकर ईरान का समर्थन करने का मेरा तरीका। सच्चाई को खुलकर सामने लाना। अधिकारियों की पोल खोलना। और हार न मानना। इसके कई कारण हैं। भारत में मेरी लड़ाई कई सालों से चल रही है। और अब इसे जारी रखने का कोई मतलब नहीं रह गया है।”
नेटफ्लिक्स की इस फिल्म में आई थीं नजर
मंदाना ने यह भी बताया कि उनके एक्टिविज्म वाले काम का असर उनकी पर्सनल लाइफ पर पर भावनात्मक रूप से पड़ा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भारत में जान से मारने की धमकियां मिली हैं, तो उनका जवाब बहुत ही छोटा था। उन्होंने बस इतना कहा,’हमेशा से।’ उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन समय के दौरान उन्हें किसी का समर्थन नहीं मिला। मंदाना को आखिरी बार नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘थार’ में देखा गया था।