वेनेजुएला के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ग्रीनलैंड पर तो नजर बनाए हुए ही हैं।
वहीं, अब उनकी नजर क्यूबा पर भी है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद ट्रंप ने क्यूबा से कहा कि देर होने से पहले समझौता कर लो, वरना क्यूबा को अब न तो तेल जाएगा और न ही पैसा।
दरअसल, वेनेजुएला के राष्ट्रपति को पकड़ने के बाद ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखते हुए क्यूबा को चेतावनी दी है कि क्यूबा को संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ एक समझौता करना चाहिए, अन्यथा द्वीप राष्ट्र क्यूबा को तेल या धन प्राप्त नहीं होगा।
ट्रंप ने आगे लिखा कि क्यूबा कई वर्षों तक वेनेजुएला से मिलने वाले भारी मात्रा में तेल और धन पर निर्भर रहा है। मैं उन्हें दृढ़ता से सलाह देता हूं कि वे बहुत देर होने से पहले एक समझौता कर लें।
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने शनिवार को क्यूबा की राजधानी हवाना में अमेरिकी दूतावास के सामने हजारों निवासियों की एक रैली में वेनेजुएला पर हमला करने और उसके राष्ट्रपति को पकड़ने के लिए अमेरिका की निंदा की।
अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल ने कहा कि क्यूबा इन कार्रवाइयों की निंदा करता है और इन्हें राज्य आतंकवाद का कृत्य मानता है।
यह अंतरराष्ट्रीय कानून के मानदंडों का एक चौंकाने वाला उल्लंघन है – एक शांतिपूर्ण राष्ट्र के खिलाफ सैन्य आक्रामकता जो संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए कोई खतरा नहीं है।
पहले से ही सीमित तेल देता है क्यूबा
गौरतलब है कि वेनेजुएला, क्यूबा के पहले से ही सीमित तेल आयात का लगभग 30% हिस्सा आपूर्ति करता है। इसके बदले वेनेजुएला को हजारों चिकित्सा कर्मी क्यूबा की ओर से दिए जाते हैं।
वहीं, अब अगर ट्रंप इस पर प्रतिबंध लगाते हैं तो क्यूबा के पहले से ही कमजोर बिजली ग्रिड और ऊर्जा आपूर्ति के लिए एक विनाशकारी झटका होगा।
ऐसे में अब वेनेजुएला में काम कर रहे अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के भविष्य को लेकर हजारों क्यूबावासी चिंतित हैं। हालांकि, क्यूबा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को ‘X’ पर बताया कि वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं।