इंडोनेशिया के द्वीप बाली के पास बुधवार को एक फेरी में आग लग गई। दुर्घटना में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 211 लोगों को बचा लिया गया।
आग बुधवार तड़के करीब 4:39 बजे (स्थानीय समय) लगी, जब पुत्री यास्मीन फेरी बाली के पाडांग बाई पोर्ट से वेस्ट नुसा तेंगारा प्रांत के पड़ोसी आइलैंड लोंबोक के लेंबार पोर्ट जा रही थी।
आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। यह घटना इंडोनेशिया की एक और फेरी मुतियारा सेंटोसा-2 में जावा के मुख्य द्वीप के पास आग लगने के दो हफ्ते से भी कम समय बाद हुई है। उस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
फेरी में सवार थे 131 लोग
शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि जिस समय आग लगी उस समय फेरी में 17 क्रू सदस्यों सहित 131 लोग सवार थे। हालांकि, कुछ घंटों बाद अधिकारियों ने बताया कि सूची में शामिल लोगों की संख्या से अधिक लोग उस पर सवार थे।
इंडोनेशिया में नाव या फेरी पर यात्रियों की संख्या का रिकार्ड में दर्ज संख्या से अलग होना आम बात है। फेरी में 44 गाड़ियां और 53 मोटरसाइकिलें भी ले जाई जा रही थीं।
बचाव कार्य में लगी एजेंसी ने बताया कि फेरी से 211 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें दो आस्ट्रेलियाई पर्यटक भी शामिल थे। इसके अलावा 19 साल की एक इंडोनेशियाई लड़की का शव बरामद किया गया है।