NEET पेपर लीक के मुख्य आरोपी पर बड़ी कार्रवाई, इमारत पर चला बुलडोजर….

महाराष्ट्र के बीड में नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के मुख्य आरोपित प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी से जुड़ी एक निर्माणाधीन इमारत के अवैध हिस्से को ढहा दिया गया।

बीड नगर परिषद ने स्थानीय निर्माण नियमों के उल्लंघन को लेकर शाहूनगर क्षेत्र में स्थित इस चार मंजिला इमारत के अवैध हिस्सों को हटाने का आदेश दिया था।

लातूर के मूल निवासी और रसायन विज्ञान के विषय विशेषज्ञ कुलकर्णी वर्षों तक नीट का प्रश्नपत्र तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा थे। उन्हें विगत माह राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक के सिलसिले में पुणे से गिरफ्तार किया गया था।

नगर निकाय के मुख्य अधिकारी शैलेश फडसे के अनुसार, शाहूनगर इलाके में स्थित यह इमारत निर्धारित भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करती पाई गई थी।

अनियमितताओं का पता चलने के बाद नगर प्रशासन ने ठेकेदार को नोटिस दिया था और निर्धारित अवधि के भीतर इमारत के अनधिकृत हिस्सों को हटाने का निर्देश दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन ने सोमवार को इसे ढहाने की कार्रवाई शुरू की।

नगर निकाय के अधिकारियों की देखरेख में ठेकेदार स्वयं ही अनधिकृत हिस्सों को ढहा रहा है। फडसे के अनुसार, हमने नोटिस जारी किए थे। जानकारी मिली है कि मालिक ने स्वेच्छा से अनधिकृत निर्माण को हटा दिया है।

यदि भविष्य में भवन निर्माण की अनुमति के लिए कोई आवेदन जमा किया जाता है तो मौके की मौजूदा स्थिति का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और नियमों का पालन होने पर ही अनुमति दी जाएगी। सीबीआइ ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *