कर्नाटक में पुलिस ने मादक पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की खरीद-बिक्री के आरोप में दो विदेशी नागरिकों समेत 23 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बेंगलुरु के विभिन्न थाना क्षेत्रों में केंद्रीय अपराध शाखा के मादक पदार्थ निरोधक दस्ते ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग तारीखों पर अभियान चलाया। इस दौरान दो विदेशी नागरिकों, अन्य राज्यों के छह लोगों और 15 स्थानीय निवासियों समेत कुल 23 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जब्त मादक पदार्थ का बाजार मूल्य करीब आठ करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने के बाद नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस टीमों ने छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया।
आरोपितों ने स्वीकारा कि वे राज्य के बाहर और विदेश से जुड़े अज्ञात तस्करों से कम कीमत पर मादक पदार्थ खरीदकर अधिक दाम पर आम लोगों तथा कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेचकर मुनाफा कमाते थे।
आरोपितों के कब्जे से 5.3 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा, 143 ग्राम कोकेन, 10.9 किलोग्राम गांजा, 237 ग्राम एमडीएमए, 107 ग्राम मेथामफेटामाइन, 180 डिब्बे ई-सिगरेट, 452 डिब्बे विदेशी सिगरेट, 1,206 हुक्का सिगरेट, 490 विदेशी सिगरेट, 126 हुक्का सेट और 100 ई-सिगरेट रिफिल बरामद कीं।
‘हाइड्रोपोनिक’ गांजा, गांजे की किस्म होती है, जिसे मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी में उगाया जाता है। सभी आरोपितों को अलग-अलग तिथियों पर संबंधित अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
ऑपरेशन तूफान के तहत मादक पदार्थ जब्त, 2,778 गिरफ्तार
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को बताया कि राज्यव्यापी नशा-विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ के पहले 15 दिनों में 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा कीमत के मादक पदार्थ और तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए हैं। इस मामले में 2,778 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंत्री ने कहा कि इस आपरेशन के तहत अब तक 2,575 मामले दर्ज किए गए हैं। यह ऑपरेशन केरल पुलिस और आबकारी विभाग स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सरकारी विभागों के सहयोग से चला रहे हैं। जब्त किए गए सामान में अलग-अलग मात्रा में एमडीएमए, गांजा, हशीश का तेल, ब्राउन शुगर, एलएसडी और तंबाकू उत्पाद शामिल थे।
मंत्री ने कहा कि जांचकर्ताओं को उन रास्तों और स्रोतों के बारे में खास जानकारी मिल चुकी है जिनसे मादक पदार्थ केरल पहुंच रहे थे। इस बीच तेलंगाना की एंटी-नारकोटिक्स यूनिट ‘ईगल’ फोर्स ने राज्य में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करके गांजा पीने के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
विश्वसनीय जानकारी मिलने पर ‘ईगल’ फोर्स ने 15 जून को यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि ड्रग्स बेचने वाले दो लोग और उनके साथी गोवा के वागाटोर बीच पर हास्टल किराए पर लेकर बेंगलुरु से बड़ी मात्रा में कोकेन, एमडीएमए की गोलियां और एलएसडी मंगा रहे थे और उन्हें गोवा से हैदराबाद भेज रहे थे। वे ओडिशा से हशीश का तेल भी ला रहे थे। फिल्म इंडस्ट्री में कोकेन बेची जाती थी।
ईगल फोर्स ने लगभग 44 ऐसे ग्राहकों की पहचान की है जो नशीले पदार्थों के विक्रेताओं के संपर्क में थे। मादक पदार्थ खरीदने वालों को पकड़ने के लिए 15 टीमें बनाई गईं। छापेमारी कर 19 संदिग्धों को पकड़ा गया, जिनमें से 14 की जांच में पॉजिटिव पाया गया। 14 लोगों ने माना कि उन्होंने क्रमशः हैदराबाद और गोवा में मुख्य पेडलर्स से गांजा और अन्य ड्रग्स खरीदे थे। हाल ही में उन्होंने मादक पदार्थ खरीदने के लिए 3.13 लाख रुपये ट्रांसफर किए हैं।