एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: उड़ान भर रहे इंडिगो विमान के मार्ग में आया एअर इंडिया का विमान…

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम पार्किंग बे की ओर जाते समय एअर इंडिया का एक विमान गलत दिशा में मुड़ गया और उसी टैक्सीवे पर इंडिगो के विमान के सामने आ गया। इंडिगो ने कहा कि दोनों विमान एक-दूसरे से सुरक्षित दूरी पर रुक गए।

सूत्रों के मुताबिक, मुंबई जाने वाला इंडिगो का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी एअर इंडिया का विमान गलत दिशा में मुड़ गया और एक ही टैक्सीवे पर दोनों विमानों के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी रह गई।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि हमें उस घटना की जानकारी है, जिसमें 24 जून को मुंबई से अहमदाबाद जाने वाली हमारी फ्लाइट एआइ 2493 लैंडिंग के बाद अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी।

एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ और बाद में विमान को खींचकर (टो करके) वापस पार्किंग बे तक ले जाया गया।

इस मामले की जानकारी नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और जांच शुरू कर दी गई है। दोनों विमान नैरो-बाडी ए320 श्रेणी के थे।

इंडिगो ने बताया कि अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली उसकी फ्लाइट 6ई 5160 को उड़ान भरने के लिए टैक्सी करते समय थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा, क्योंकि दूसरी एयरलाइन का एक विमान अनजाने में गलत दिशा में मुड़कर हमारे विमान के रास्ते में आ गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *