मध्य प्रदेश: श्योपुर के शिकारियों ने कूनो और आसपास के जंगलों में किया था तेंदुओं का शिकार, सात और आरोपी गिरफ्तार…

 हाल ही में उत्तर प्रदेश के आगरा इलाके में जिन 10 तेंदुओं की खाल के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था, उनका शिकार मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क और श्योपुर-मुरैना के सामान्य वन मंडल के जंगलों से किया गया था।

शिकार में सात अन्य शिकारी लिप्त पाए गए हैं। ये सभी श्योपुर जिले के विजयपुर इलाके के झार बरौदा गांव के रहने वाले हैं। उन्हें वन विभाग व एसटीएसएफ के संयुक्त दल ने गिरफ्तार कर शिवपुरी की विशेष अदालत में पेश करने के साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, 23 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा के सैया क्षेत्र में एक होटल से 10 तेंदुओं की खाल और भारी मात्रा में हड्डी सहित अन्य अवशेष के साथ चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था।

आरोपितों से पूछताछ और निशानदेही के आधार पर श्योपुर जिले के सात अन्य शिकारियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपितों से तेंदुआ की हड्डियां और अन्य अवशेष भी बरामद किए गए हैं। पकड़े गए आरोपित इकराम आदिवासी, लज्जाराम, गोपाल आदिवासी, महेश आदिवासी, प्रकाश आदिवासी, हुब्बा, गब्बर हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपितों से तस्करी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।

वन्यजीव तेंदुओं का शिकार करने वाले सात अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें विशेष अदालत में पेश करके पूछताछ की जा रही है। डॉ. समीता राजौरा, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *