अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आज शुक्रवार को ईरान के समुद्री इलाके में 28 भारतीय क्रू मेंबर वाले एक LPG टैंकर ‘DISHA’ पर हमला हुआ है।
एलपीजी टैंकर पर हुए हमले के बाद ईरान में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और वे संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।
सभी 28 क्रू मेंबर्स सुरक्षित
दूतावास ने आगे लिखा, ‘तेहरान में भारतीय दूतावास को जानकारी है कि मोजाम्बिक के झंडे वाले LPG टैंकर ‘दिशा’ पर आज ईरान के समुद्री इलाके में हमला हुआ। इस जहाज पर 28 भारतीय क्रू मेंबर सवार हैं। दूतावास संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और उसने पुष्टि की है कि सभी भारतीय क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।’
यह अपडेट ऐसे समय में आया है जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को जोर देकर कहा, ‘किसी भी हालत में नाविकों, नागरिक जहाजों या बुनियादी ढांचे पर हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’
भारत ने हर बार किया हमले का विरोध
जयशंकर ने कहा, ‘भारत इस बात पर जोर देता है कि अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के होने चाहिए, जो पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप हों।’
विदेश मंत्री ने आगे कहा, ‘किसी भी हालत में नाविकों, नागरिक जहाजों या बुनियादी ढांचे पर हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’
अमेरिका-ईरान के बीच जारी युद्ध
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर समझौता टूट चुका है। 60 दिनों का हुआ सीजफायर समझौता एक महीने भी नहीं चल सका। अमेरिका और ईरान दोनों ही एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं।
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था और इसी के साथ मिडिल ईस्ट में युद्ध छिड़ गया। इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच कई बार समझौता हुआ, लेकिन अभी भी कोई अंतिम हल नहीं निकला है।