भुवनेश्वर में एलपीजी कालाबाजारी का खुलासा, 150 से अधिक सिलेंडर जब्त…

राजधानी भुवनेश्वर में एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने बुधवार को छापा मारकर 150 से अधिक सिलिंडर जब्त किए। यह कार्रवाई झारपड़ा गणेश मंडप के पास स्थित एक मकान में की गई।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान विभिन्न कंपनियों के घरेलू और व्यावसायिक दोनों तरह के सिलिंडर बड़ी संख्या में बरामद हुए। सभी सिलिंडरों को अवैध रूप से स्टॉक कर ऊंची कीमतों पर बेचा जा रहा था। बताया जा रहा है कि एक-एक सिलेंडर 4,000 से 5,000 रुपये तक में बेचा जा रहा था।

16 कमर्शियल और 100 से ज्यादा घरेलू सिलिंडर बरामद

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से इस अवैध कारोबार की शिकायत मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।अब तक करीब 16 कमर्शियल और 100 से अधिक घरेलू सिलिंडर जब्त किए जा चुके हैं। छापेमारी के बाद विभाग ने पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।

यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिलिंडरों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।इस मामले में मुख्य आरोपी व्यापारी मौके से फरार है। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

जमीनी हकीकत पर सवाल

राज्य सरकार जहां एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। भद्रक में टाउन पुलिस स्टेशन चौक के पास स्थित जगन्नाथ गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतारें देखी गईं।

पिछले दो दिनों से लोग सिलिंडर लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए लाइन में खड़े हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग और ओटीपी मिलने के बावजूद महीनों तक सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *