E20 विवाद में कानूनी कार्रवाई, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर आरोप लगाने वाले 4 इंफ्लुएंसर्स पर केस…

नागपुर में 4 इंफ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बदनाम करने का आरोप है। इन 4 लोगों में बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, देसी ब्वॉयज NCR, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाटे शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इन सभी लोगों ने इथेनोल फ्यूल को लेकर गलत जानकारी फैलाई और नितिन गडकरी का नाम इस मामले में घसीटकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की है, इसलिए इन सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

नागपुर में दर्ज कराई गई शिकायत

यह केस नागपुर में भाजपा के सोशल मीडिया सेल के हेड शिशिर त्रिपाठी ने दर्ज करवाया है। उन्होंने नागपुर साइबर पुलिस में औपचारिक शिकायत की और फिर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

शिकायत में कहा गया है कि वीडियो को असली दिखाने के लिए इंफ्लुएंसर ने लोगों के भ्रामक इंटरव्यू लिए और इससे नितिन गडकरी की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। उन्होंने इन सभी पर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का भी आरोप लगाया है।

बदनाम करने का आरोप

नेता ने आरोप लगाया है कि यह सारा प्रपंच इसलिए रचा गया, जिससे सोशल मीडिया पर इन इंफ्लुएंसर को ज्यादा व्यूज मिलें और उनके फॉलोअर्स बढ़ें। सरकार की इथेनोल पॉलिसी को भी जानबूझकर गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगा है।

एक अधिकारी ने मामले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि साइबर सेल की जांच में सामने आया है कि इंफ्लुएंसर द्वारा फैलाई गई जानकारी गैर-कानूनी कामों को बढ़ावा देती है और नितिन गडकरी से मामले का कोई संबंध न होने के बावजूद वीडियो को सनसनीखेज बनाने के लिए उनके नाम का इस्तेमाल किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *