जिला अस्पताल से अपहृत 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने दरिंदगी की एक और भयावह तस्वीर सामने ला दी है। अब तक गला दबाकर हत्या की बात सामने आ रही थी, लेकिन चिकित्सकीय जांच में सामने आया है कि आरोपित ने मासूम के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए थे।
जंघा, पेट और जबड़े पर मिले गंभीर घावों ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की बरामदगी के लिए आरोपित को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है।
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों के अनुसार बालिका की जंघा और पेट के पास धारदार हथियार से किए गए वार इतने गहरे थे कि अंदरूनी अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। जबड़े पर भी गंभीर चोट मिली है।
शरीर पर मिले घाव यह संकेत दे रहे हैं कि हत्या से पहले या उसके दौरान आरोपित ने अत्यधिक क्रूरता दिखाई। चिकित्सकीय टीम ने इन सभी चोटों का विस्तार से उल्लेख रिपोर्ट में किया है, जिसे विवेचना का महत्वपूर्ण आधार बनाया जा रहा है।
पुलिस पोस्टमार्टम करने वाले दो पुरुष और एक महिला चिकित्सक प्रत्येक चोट के संबंध में यह जानना चाह रही है कि चोट जीवित अवस्था में पहुंचाई गई थी या मृत्यु के बाद। डाक्टर व फोरेंसिक एक्सपर्ट की राय के आधार पर विवेचना को और मजबूत किया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हमले के संकेत मिलने के बाद पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए आरोपित को रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है।
एसपी सिटी निमिश पाटील ने बताया कि चिकित्सकीय साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट, डीएनए के साथ ही हथियार बरामद कर अभियोजन पक्ष को और मजबूत किया जाएगा।