लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के सह-संस्थापक आमिर हमजा पर गोलीबारी करने वाले अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
हमले में हमजा को गोली लगी थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया एजेंसियों ने पुलिस से यह मामला अपने हाथ में ले लिया है और वे मामले की जांच कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमजा को लाहौर के जौहर टाउन स्थित उसके आवास पर ले जाया गया है, जहां पुलिस और अन्य एजेंसियों के कर्मियों ने उससे मुलाकात की।
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद की प्रतिबंधित जमात-उद-दावा के राजनीतिक मोर्चे, पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के नेतृत्व ने भी उससे मुलाकात की।
इसमें हाफिज सईद का बेटा हाफिज तलहा सईद भी शामिल था। हमजा को लश्कर-ए-तैयबा का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति माना जाता है।
अमेरिका ने हमजा को आतंकवादी घोषित किया है। इससे पहले, उसने लश्कर-ए-तैयबा के विशेष अभियान विभाग के प्रमुख के रूप में कार्य किया था।