बिहार में भूमिहीन परिवारों को मिलेगा जमीन का हक, बसेरा अभियान के तहत आवेदन शुरू; पंचायतों में लगेंगे विशेष कैंप…

अभियान बसेरा के तहत संभावित वासभूमिहीन परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जिले में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की गाइडलाइन के तहत 22 सितंबर से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू होगी।

इसके लिए जिले की सभी पंचायतों के पंचायत सरकार भवनों में 22 से 25 सितंबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सभी अंचल कार्यालयों में 22 से 28 सितंबर तक सुबह छह बजे से आवेदन लेने की विशेष व्यवस्था रहेगी।

पंचायत सरकार भवनों में आयोजित शिविर में संभावित वासभूमिहीन लाभुक आवेदन जमा कर सकेंगे। शिविरों के संचालन के लिए संबंधित पदाधिकारी और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। अंचल कार्यालयों में निर्धारित अवधि के बाद भी सामान्य कार्यालय अवधि में अभियान बसेरा से संबंधित आवेदन लिए जाते रहेंगे।

आवेदन की मिलेगी पावती

प्रशासन ने आवेदन लेने की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है। आवेदन जमा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आवेदन संख्या और प्राप्ति की तिथि अंकित पावती अनिवार्य रूप से दी जाएगी। प्राप्त आवेदनों का पंजी भी संधारित किया जाएगा। इससे आवेदन की स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई की निगरानी की जा सकेगी।

बिहारभूमि पोर्टल से भी कर सकते हैं आवेदन

वासभूमिहीन संभावित लाभुकों की सुविधा के लिए बिहारभूमि पोर्टल के माध्यम से आनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। प्रशासन की ओर से लोगों को आनलाइन आवेदन के लिए भी जागरूक किया जाएगा।

आवेदन जमा करने के लिए किसी लाभुक को पटना स्थित राज्य मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में आवेदन जमा किया जा सकता है अथवा आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *