राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पहाड़पुर में मीडिया की एंट्री पर रोक, जानिए वजह…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित मयूरभंज दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनाने में जुटे जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने 20 जून को पहाड़पुर गांव में मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

इस संबंध में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआई एंड पीआरओ) की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया है कि वे उस दिन गांव में प्रवेश न करें।

जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय जिला खुफिया ब्यूरो (डीआईबी) और मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक की सिफारिश पर लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसलिए यह कदम उठाया गया है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 जून को मयूरभंज जिले के दौरे पर रहेंगी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को जिले में पहुंचेंगे। दोनों गणमान्य अतिथियों के 20 जून को पहाड़पुर गांव जाने की संभावना है।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। पहाड़पुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस, विशेष सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। गांव और उसके आसपास के इलाकों में व्यापक निगरानी की जा रही है।

राष्ट्रपति के ससुराल पक्ष का गांव है पहाड़पुर

गौरतलब है कि पहाड़पुर गांव मयूरभंज जिले के कुसुमी ब्लॉक में रायरंगपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित है। यह गांव राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दिवंगत पति श्याम चरण मुर्मु का पैतृक गांव है। राष्ट्रपति बनने के बाद पहाड़पुर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया था और यहां विकास कार्यों को भी गति मिली है।

मीडिया संगठनों में चर्चा

मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर रोक के आदेश को लेकर पत्रकार संगठनों और मीडिया जगत में भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह सुरक्षा कारणों से लिया गया है और वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अस्थायी रूप से लागू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *