ब्लड डोनेट करने से पहले जान लें जरूरी नियम, उम्र-वजन समेत इन शर्तों पर खरा उतरना है जरूरी…

 रक्तदान को यूं ही महादान नहीं कहा जाता है। हमारा दिया हुआ खून सर्जरी के मरीजों, कैंसर से जूझ रहे लोगों, गंभीर हादसों और खून की बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए वरदान साबित हो सकता है।

बावजूद इसके, कई लोग इस बारे में जानते ही नहीं हैं कि वे ब्लड डोनेट कर सकते हैं या नहीं। 

दरअसल, ब्लड डोनेशन से जुड़े कुछ नियम और शर्ते हैं, जिन्हें पूरा करके ही आप रक्तदान कर सकते हैं। आइए जानें कि कौन ब्लड डोनेट कर सकता है और इसके नियम क्या हैं।

कौन-कौन दे सकता है अपना खून?

डॉ. नेहा राठौर (हेड लैब और ब्लड बैंक प्रमुख, यथार्थ हॉस्पिटल, सेक्टर 20, फरीदाबाद) के अनुसार, 18 से 65 वर्ष की उम्र के लोग ब्लड डोनेट कर सकते हैं। हालांकि, इसके भी कुछ नियम हैं, जैसे-

  • ब्लड डोनेट करने वाले व्यक्ति का वजन कम से कम 50 किलोग्राम होना चाहिए। 
  • शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बिल्कुल सही होना चाहिए, ताकि खून देने से डोनर की सेहत पर कोई बुरा असर न पड़े। 
  • ब्लड डोनेशन से पहले ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, शरीर का तापमान आदि मापा जाता है। अगर ये सभी चीजें नॉर्मल हैं, तभी आप रक्तदान कर सकते हैं। साथ ही, आपसे आपकी मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली जाती है। 

बीमारी या मेडिकल ट्रीटमेंट के बाद कब करें ब्लड डोनेशन?

अगर आप हाल ही में बीमार हैं, तो पूरी तरह ठीक होने के बाद ही आप ब्लड डोनेट कर सकते हैं। साथ ही, अगर आपकी हाल ही में सर्जरी हुई है, दांतों का इलाज हुआ है, कोई वैक्सीन लगवाई है या आपको कभी खून चढ़ाया गया है, तो आपको दोबारा ब्लड डोनेट करने से पहले कुछ समय तक इंतजार करना पड़ सकता है। 

क्रॉनिक बीमारियां 

अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर उन्हें कोई क्रॉनिक बीमारी है, तो वे खून नहीं दे सकते, लेकिन ऐसा नहीं है। अगर आपका ब्लड प्रेशर और डायबिटीज पूरी तरह कंट्रोल में है, तो आप तभी ब्लड डोनेट कर सकते हैं, जब तक आप बाकी सभी स्वास्थ्य मापदंडों को पूरा करते हों। 

कब नहीं कर सकते ब्लड डोनेट?

एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी जैसी संक्रामक बीमारियों से पीड़ित लोग ब्लड डोनेट नहीं कर सकते, क्योंकि इससे मरीजों को खून के जरिए इन्फेक्शन फैलने का खतरा रहता है। साथ ही, प्रेग्नेंट महिलाएं और जिन महिलाओं ने हाल ही में बच्चे को जन्म दिया है, वे भी ब्लड डोनेट नहीं कर सकतीं। 

कुछ दवाएं भी आपकी ब्लड डोनेट योग्यता को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए जांच के समय स्वास्थ्य कर्मी को अपनी दवाओं की जानकारी जरूर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *