वाराणसी में चोरी के शक में मजदूर की पेड़ से बांधकर पिटाई, मौत के बाद भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार…

 चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में मजदूर रामजनम वनवासी (45) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने भट्ठा मालिक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, चंदौली के धरायन गांव निवासी रामजनम गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित ससुराल में रहता था और चिरईगांव में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। बताया गया कि 20 अगस्त को रामजनम हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया।

चोरी के शक में अजय सिंह ने अपने साथी गरथौली निवासी विशाल सिंह के साथ उसे पकड़ लिया। दोनों ने रामजनम को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे से पीटा। पिटाई से वह बेसुध हो गया तो दोनों उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए निकले। रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद दोनों शव धान के खेत में छोड़कर भाग गए।

21 अगस्त को पुलिस ने खेत से शव बरामद कर परिजनों से शिनाख्त कराई थी। बुधवार को पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदासा और विशाल सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो सामने आने के बाद बदला जांच का रुख
शव मिलने के बाद प्रारंभिक तौर पर पुलिस को गंभीर चोट लगने से मौत की आशंका थी। इसी बीच पेड़ से बांधकर पिटाई का वीडियो सामने आया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया। मामले में अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *