राजस्थान के दौसा जिले में 84 गांवों की मीणा समाज की खाप पंचायत ने विवाहिता से प्रेम विवाह करने वाले युवक के स्वजन पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जुर्माना नहीं देने पर सामाजिक बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। उधर महिला ने स्वयं और युवक पर हमले की आशंका जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा मांगी है। वहीं युवक के चाचा ने इस संबंध में खाप पंचायत के 125 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
युवक कमलेश मीणा और एक युवती ने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया है। दोनों के स्वजन ने भी प्रेम विवाह को सहमति दी है लेकिन खाप पंचायत को यह प्रेम विवाह पसंद नहीं आया और दो दिन पहले युवक के स्वजन पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया।
युवक के चाचा ने आरोप लगाया कि खाप ने उनके परिवार पर प्रेम विवाह को स्वीकार नहीं करने को लेकर दबाव बनाया और पंचायत की बात नहीं मानने पर युवती के स्वजन पर आर्थिक दंड लगाने के साथ ही दोनों परिवारों का सामाजिक बहिष्कार किया।
रामगढ़ पचवारा पुलिस थाना अधिकारी मदनलाल ने बताया कि महिला की ओर से सुरक्षा को लेकर प्रार्थना पत्र मिला है। संबंधित लोगों को पाबंद किया जाएगा।
यह है मामला
कमलेश मीणा और महिला के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। हालांकि, प्रेम संबंधों को दरकिनार कर युवती का विवाह अप्रैल 2026 में किसी अन्य युवक के साथ करवा दिया।
विवाह के बाद वह ससुराल नहीं गई। वह स्वजन की इच्छा के खिलाफ जयपुर 4 में पढ़ाई कर रहे कमलेश के पास पहुंच गई। पिछले दिनों दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया।