कर्नाटक: सुसाइड के लिए नदी में कूदी महिला, मगरमच्छ ने काटा तो चिल्लाई; पुलिस ने बचाई जान…

कर्नाटक के उडुप्पी जिले में एक महिला ने आत्महत्या करने के इरादे से कुमारधारा नदी में छलांग लगा दी। नदी में मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसे बचा लिया गया।

निजी समस्या से परेशान थी महिला

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बुधवार रात कुक्के सुब्रह्मणय में कुमारधारा पुल के पास हुई। जानकारी के मुताबिक महिला अपनी निजी समस्याओं को लेकर परेशान थी और उसने अपनी जान देने के इरादे से नदी में छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि जब वह पानी में थी, तब एक मगरमच्छ ने उसे काट लिया, जिससे उसे मामूली चोटें आईं।

महिला की चीख सुन लोगों ने की मदद 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मामले की सूचना देते हुए बताया कि हमले के बाद महिला मदद के लिए चिल्लाई। एक कर्मचारी ने महिला की चीख सुनीं और सुब्रह्मण्य पुलिस को सूचना दी।

पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उसे एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

महिला को परिवार के साथ भेजा

घटना के बाद पुलिस ने महिला के परिवार वालों को घटना की सूचना दी और महिला की काउंसलिंग के बाद उसे उनके साथ घर भेज दिया। इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस ने बताया कि परिवार के अनुरोध पर उन्होंने महिला की पहचान उजागर नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *