कानपुर प्लेन क्रैश: ऑपरेटर ने फ्लाइट मॉनिटरिंग नियमों का पालन नहीं किया, AAIB की शुरुआती रिपोर्ट में खुलासा…

जांच एजेंसी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) ने गर्ग एविएशन के दो इंजन वाले विमान के दुघर्टनाग्रस्त होने की शुरुआती रिपोर्ट जारी की है। इसमें पिछले महीने दो लोगों की मौत हो गई थी।

एजेंसी ने कहा है कि ऑपरेटर ने फ्लाइट मॉनिटरिंग के नियमों का पालन नहीं किया।

एएआईबी ने यह सुझाव भी दिया है कि डीजीसीए को फ्लाइंग ट्रेनिंग आर्गनाइजेशन (एफटीओस) द्वारा फ्लाइट डेटा मानिटरिंग की प्रक्रियाओं पर खास गाइडलाइन जारी करनी चाहिए। विगत 27 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे गर्ग एविएशन का दो इंजन वाला टेक्नाम पी2006टी ट्रेनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक ट्रेनी पायलट और एक इंस्ट्रक्टर की मौत हो गई थी।

एएआईबी ने कहा है कि दुर्घटना से पहले विमान से कोई काल नहीं किया गया था। यह दुर्घटना कानपुर के सिविल एयरोड्रोम से उड़ान भरने के 20 मिनट से भी कम समय में हुआ।

सात पन्नों की शुरुआती रिपोर्ट में एएआईबी ने कहा कि यह देखा गया है कि गर्ग एविएशन ने ट्रेनिंग से जुड़े मानकों का पालन नहीं किया।

एएआईबी ने कहा कि जब फ्लाइट डेटा मॉनिटरिंग के बारे में पूछा गया तो एफटीओ ने बताया कि गार्मिन डेटा की रैंडम मॉनिटरिंग की जा रही थी। हालांकि, ऐसी मॉनिटरिंग का कोई रिकार्ड नहीं रखा गया था और कोई एसओपी (स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर) भी नहीं था, जिसमें यह बताया गया हो कि मॉनिटरिंग कैसे की जाती थी या इसके लिए कौन सी सीमाएं तय की गई थीं।

गार्मिन डेटा कार्ड छोटे विमानों के लिए एक तरह का फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर होता है। शुरुआती नतीजों का हवाला देते हुए एएआइबी ने कहा कि अंतरिम सुरक्षा सुझाव जारी करना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *