‘कौन से कबीले से हो?’ उषा से पहली बातचीत का किस्सा सुनाते हुए जेडी वेंस ने खोले रिश्ते के राज…

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपनी मां और पत्नी को लेकर एक दिलचस्प बात बताई है।

जेडी वेंस हाल ही में ब्रिटिश एंटरप्रेन्योर और पॉडकास्टर स्टीवन बार्टलेट के पॉडकास्ट ‘डायरी ऑफ ए सीईओ’ में शामिल हुए, इसी पॉडकास्ट में उन्होंने अपने परिवार का जिक्र किया।

अपने परिवार के बारे में बात करते हुए, जेडी वेंस ने अपनी निजी जिंदगी का एक किस्सा सुनाया। जेडी वेंस ने वो बात बताई, जब उन्होंने अपनी पत्नी उषा के बारे में पहली बार अपनी मां को बताया था।

दादी से नहीं मिल पाईं वेंस की पत्नी

बार्टलेट से बात करते हुए वेंस ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा अफसोस इस बात का है कि उनकी दादी, जिन्हें वह ‘मामाव’ कहते थे, कभी उनकी पत्नी उषा से नहीं मिल पाईं।

वेंस ने कहा, ‘मामाव को लेकर मुझे बस यही अफसोस है कि वह कभी उषा से नहीं मिल पाईं। उनमें कुछ बातें बहुत मिलती-जुलती थीं, लेकिन कुछ बहुत अलग भी थीं।’

वेंस ने बताया कि उनकी दादी और उषा दोनों ही महिलाएं इंटेलिजेंट, बेबाक और मजबूत इरादों वाली थीं, भले ही वे बहुत अलग-अलग बैकग्राउंड से आई थीं।

वेंस ने आगे कहा कि उनकी मामाव और उषा में एक बड़ी समानता थी, उनकी बेबाकी। वेंस ने कहा, ‘उषा बिना सोचे-समझे अपनी बात कह देती हैं। यही बात मुझे उनकी ओर सबसे पहले खींच ले गई थी कि अगर उन्हें आपको बुरा भी लगना हो, तो भी वह वही कहती थीं जो उनके मन में होता था।’

मां ने पूछा- कौन से कबीले से है?

जेडी वेंस ने उषा के बारे में पूछे गए अपनी मां के एक सवाल को भी याद किया। वेंस ने बताया, ‘मेरी मां ने पूछा, ‘वह किस एथनिक ग्रुप (जाति/मूल) से है? और मैंने कहा, मां, वह इंडियन है। और मेरी मां ने पूछा, ‘किस कबीले (ट्राइब) से?’

वेंस ने यह बात बताते हुए हंसते हुए बताया कि उनका परिवार अपनी संस्कृति के बाहर की संस्कृतियों से कितना अनजान था।

2016 में आई अपनी किताब ‘हिलबिली एलेजी’ में वेंस ने बताया था कि वह ग्रामीण एपलाचिया में पले-बढ़े थे। वहीं, उषा का जन्म कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के माता-पिता के घर हुआ था, जो लगभग चार दशक पहले आंध्र प्रदेश से वहां आकर बस गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *