7.4 तीव्रता के भूकंप से दहला जापान, समुद्र में 80 सेमी तक ऊंची लहरें उठीं; सुनामी का अलर्ट जारी…

सोमवार को जापान के पूर्वोत्तर तट पर प्रशांत महासागर में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। भूकंप का केंद्र उत्तरी इवाते प्रांत के पास समुद्र में था। 

भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर 4:53 बजे आया। इसकी गहराई मात्र 10 किलोमीटर थी, जिससे झटके काफी तेज महसूस किए गए। जिसके बाद जापान के एक बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर (31 इंच) ऊंची सुनामी की लहरें टकराईं।

टोक्यो तक महसूस हुए झटके

भूकंप इतना शक्तिशाली था कि केंद्र से सैकड़ों किलोमीटर दूर टोक्यो में भी ऊंची इमारतें हिल गईं। कई इलाकों में लोगों ने तेज झटके महसूस किए। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं आई है, लेकिन स्थिति की निगरानी की जा रही है।

इसके अलावा, क्योडो के अनुसार, जापान में आए जोरदार भूकंप के बाद टोक्यो-आओमोरी बुलेट ट्रेन लाइन पर परिचालन रोक दिया गया।

उत्तरी जापान के बंदरगाह से टकराईं सुनामी की लहरें

जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने बताया कि सोमवार को उत्तरी जापान के एक बंदरगाह पर 80 सेंटीमीटर (31 इंच) ऊंची सुनामी की लहरें टकराईं। यह लहर शाम 5:34 बजे इवाते के कुजी में एक बंदरगाह पर देखी गई।

एजेंसी ने इससे पहले बताया था कि शाम 5:32 बजे 70 सेंटीमीटर ऊंची एक लहर टकराई थी।

एजेंसी ने तटीय इलाकों के निवासियों को तुरंत ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। सुनामी लहरों के आने की उम्मीद जताई जा रही है, इसलिए सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।

जापान के मीडिया NHK के हवाले से रॉयटर्स ने बताया कि जोरदार भूकंपीय गतिविधि के कारण समुद्र तट के पास सुनामी भी आ गई।

मौसम एजेंसी ने चेतावनी दी कि सुनामी की लहरें उत्तरी तटरेखा तक लगभग तुरंत पहुंच सकती हैं। एजेंसी ने कहा कि तटीय क्षेत्रों और नदी के किनारे वाले इलाकों से तुरंत किसी सुरक्षित जगह, जैसे कि ऊंची जमीन या किसी सुरक्षित इमारत में चले जाएं, और साथ ही यह भी चेताया कि सुनामी की लहरों से नुकसान होने की संभावना है।

एजेंसी ने आगे कहा, “सुनामी की लहरें बार-बार आने की उम्मीद है। जब तक चेतावनी वापस नहीं ले ली जाती, तब तक सुरक्षित जगह न छोड़ें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *