जयपुर में जैश की संदिग्ध महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, पाकिस्तानी आतंकी से ऑनलाइन निकाह का खुलासा…

जयपुर में पिछले दिनों गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की महिला स्लीपर सेल बबीता उर्फ खदिजा (38) ने पाकिस्तानी आतंकी हैंडलर अबू उबेदाह से इंटरनेट मीडिया पर निकाह किया था।

अबू प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का करीबी माना जाता है। सूत्रों के अनुसार, बबीता ने पूछताछ में स्वीकार किया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसने इंटरनेट मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकियों के बारे में पढ़ना शुरू किया था।

इसी दौरान वह जैश के हैंडलर्स के संपर्क में आई थी। वह भारत में महिला स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश में जुटी थी।

बबीता को 20 जून को राजस्थान एटीएस और सेना की गुप्तचर शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसके घर से गिरफ्तार किया था। मूलरूप से सवाई माधोपुर जिले की निवासी बबीता जयपुर में माता-पिता और भाई के साथ रहती थी। करीब दो साल पहले उसका पति से तलाक हो गया था।

जैश के हैंडलर्स के संपर्क में आने पर उन्होंने बबीता का ब्रेन वाश किया, जिसके बाद उसने पाकिस्तानी मौलवी से आनलाइन कलमा पढ़ना सीखा।

बबीता ने धर्म परिवर्तन भी किया और अपना नाम बदलकर खदिजा रख लिया। उसने आतंकी हैंडलर अबू उबेदाह से आनलाइन निकाह भी कर लिया। बबीता पाकिस्तान जाकर अबू उबेदाह के साथ रहना चाहती थी।

एटीएस के पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी का कहना है कि आरोपित मोबाइल पर वाट्सएप सहित अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए आतंकी संगठनों से जुड़ी थी। पूछताछ और जांच में सामने आया कि वह जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में थी।

इस मामले में दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि पाक हैंडलर्स ने बबीता को सऊदी अरब अथवा संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते पाकिस्तान पहुंचने की सलाह दी थी। इसके लिए वह पासपोर्ट बनवाने का प्रयास कर रही थी।

कोई पछतावा नहीं
सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान बबीता को देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर कोई पछतावा नहीं है। बबीता 27 जून तक पुलिस रिमांड पर है। बबीता का मोबाइल जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में एटीएस को कई संदिग्ध पाकिस्तानी मोबाइल नंबर सेव मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *