विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव को काला सागर क्षेत्र में नाविकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराया।
उन्होंने यह कदम यूक्रेन के तट के निकट एक वाणिज्यिक जहाज पर रूस के हवाई हमले में चार भारतीय चालक दल के सदस्यों की मौत के संदर्भ में उठाया।
जयशंकर और लावरोव ने मनीला में आसियान की बैठक के दौरान व्यापार, निवेश और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की। जयशंकर ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की और दोनों पक्षों ने यूक्रेन संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
यह बातचीत भारत की ओर से रूस के दूतावास प्रभारी व्लादिमीर लादानोव को तलब कर यूक्रेन के तट के निकट गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज पर रूसी हमले को लेकर गहरी चिंता जताए जाने और इस कार्रवाई की स्पष्ट शब्दों में निंदा किए जाने के एक दिन बाद हुई।