SIR पर जयराम रमेश का चुनाव आयोग पर निशाना, बोले- प्रक्रिया पूरी तरह विफल, प्रेस नोट महज डैमेज कंट्रोल की कोशिश…

कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आयोग के प्रस्तावित उपाय यह स्वीकारोक्ति हैं कि यह प्रक्रिया पूरी तरह “विफल” रही है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सूची से हटाए गए या जोखिम वाले मतदाताओं के लिए “टुकड़े-टुकड़े में” उठाए गए कदम बड़े पैमाने पर मताधिकार हनन की समस्या को दूर करने में नाकाफी हैं।

रमेश ने कहा कि आयोग का प्रेस नोट केवल “डैमेज कंट्रोल का एक निराशाजनक प्रयास” है। उन्होंने बताया कि जो 5.43 करोड़ मतदाता सूची से हटाए जाने के जोखिम में हैं, उनके घरों पर अब बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) के जाने का वादा किया गया है। लेकिन जब घर-घर जाकर सत्यापन का चरण था, तब ये दौरे बहुत कम और छिटपुट थे। उन्होंने सवाल किया कि जिस प्रक्रिया को एक बार खराब तरीके से किया गया, उसे दोबारा दोहराने का क्या औचित्य है?

कांग्रेस नेता ने कहा कि सभी तीन चरणों में अब तक लगभग 14 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, और आयोग का समाधान यह है कि वे अब सूची में जुड़ने के लिए नए सिरे से आवेदन करें। यह पहले बड़े पैमाने पर मताधिकार छीनने और फिर मतदाताओं को दोबारा जोड़ने के लिए आवेदन करने का अजीब तरीका है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए हाशिए के मतदाताओं के नाम लक्षित तरीके से हटाए गए हैं, और ईसी-आइनेट सॉफ्टवेयर के दुरुपयोग जैसे गंभीर मुद्दों पर आयोग ने चुप्पी साधी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *