दिल्ली-पंजाब समेत 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शुरू होगा SIR, अगले सप्ताह हो सकता है बड़ा ऐलान…

बंगाल, केरल सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से निपटने के बाद चुनाव आयोग अब दिल्ली, पंजाब व उत्तराखंड सहित बाकी बचे देश के 23 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण ( एसआइआर ) का काम जल्द ही शुरू करेगा।

माना जा रहा है कि अगले हफ्ते तक इसकी घोषणा हो जाएगी। आयोग वैसे तो पहले इसे अप्रैल से शुरू करने की तैयारी में ही था, लेकिन बंगाल चुनाव को लेकर बढ़ी व्यस्तता को देखते हुए आयोग ने इसे चुनाव से निपटने के बाद शुरू करने के संकेत दिए थे। इस बीच आयोग ने चुनाव से निपटने के बाद 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू होने वाले एसआइआर को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

आयोग ने इसे लेकर 19 फरवरी 2026 को ही इन सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को एसआइआर से जुड़ी तैयारी करने के निर्देश दिए थे। इस बीच इन राज्यों की मौजूदा मतदाता सूची को पिछले एसआइआर के आधार पर मैपिंग करने का काम किया गया है। माना जा रहा है कि इससे एसआइआर के काम में आसानी होगी।

इन राज्यों में शुरू होगा एसआइआर का काम

आयोग इस दौरान जिन राज्यों में एसआइआर का काम शुरू करने वाला है, उसमें दिल्ली, आंध्र प्रदेश,अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादर नगर हवेली, दमन दीव, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना व उत्तराखंड शामिल है।

आयोग ने दिए तैयारियों के निर्देश

आयोग ने इस सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों को एसआइआर शुरू होने से पूर्व जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए थे। गौरतलब है कि आयोग अब तक बिहार, उत्तर प्रदेश सहित 13 राज्यों में एसआइआर का काम पूरा कर चुका है।

साथ ही एसआइआर के बाद तैयार हुई नई मतदाता सूची के आधार पर बिहार सहित छह राज्यों में विधानसभा चुनाव भी करा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *