भारत सरकार के विदेश मंत्रालय की पहल पर पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर में भी पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ होने जा रहा है।
आगामी 13 अप्रैल को शुरू होने वाले इस पासपोर्ट सेवा केंद्र को लेकर स्थानीय स्तर पर सारी तैयारी पूरी हो गई है। सभी तरह के मशीन भी मंगा लिए गए हैं।
विभागीय सूत्रों की माने तो इस मशीन की टेस्टिंग का कार्य आगामी 9 अप्रैल को होगा। जिसमें तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। वहीं, यह सेवा आगामी 13 अप्रैल से आम लोगों के लिए शुरू कर दी जाएगी।
इस पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुरू हो जाने से दूर दराज में निवास करने वाले और खासकर इस सुविधा से वंचित लोगों को काफी फायदा होगा। उन्हें जिला मुख्यालय या पटना नहीं जाना पड़ेगा।
लोगों को मिलेगी सुविधा
यह रामनगर जैसे छोटे जगह के लिए बेहतर सेवा है। इस पासपोर्ट सेवा केंद्र के खुलने से काफी लोगों को लाभ मिलेगा। यह बिहार का 38 वां डाकघर है। जिसमें पासपोर्ट सेवा केंद्र की व्यवस्था रहेगी, जबकि यह देश का 454वां डाकघर होगा।
जहां यह व्यवस्था बहाल की जा रही है। 13 अप्रैल को होने वाले इस उद्घाटन में सांसद सुनील कुमार के साथ दिल्ली एवं डाक विभाग के भी कई अधिकारी के मौजूद रहने की संभावना जताई जा रही है। पूरा कार्यक्रम नगर के संस्कृत उच्च विद्यालय के प्रांगण में होगा।
रामनगर डाकघर के पोस्टमास्टर बृजेश कुमार ने बताया कि सभी तैयारी पूरी हो गई है। इसके लिए अलग से एक कमरा है। सारे मशीन भी मंगा लिए गए हैं। जिसकी टेस्टिंग का कार्य आगामी 9 अप्रैल को होगा।
लोगों ने जताई खुशी
इस पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुभारंभ की खबर सुनकर स्थानीय लोगों में हर्ष है। इसके लिए जन प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। क्षेत्र के काफी संख्या में लोग खाड़ी देश के साथ अन्य दूसरे देशों में रहते हैं।