कोलकाता के निजी अस्पतालों में गरीब मरीजों के लिए 10% बेड आरक्षित करना अनिवार्य, स्वास्थ्य मंत्री ने जारी किया निर्देश…

बंगाल की नई भाजपा सरकार ने गरीब व जरूरतमंद मरीजों के लिए बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है।

राज्य के नवनियुक्त स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी ने सरकारी अस्पतालों और निजी अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक के बाद घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कोलकाता के उन 17 बड़े निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स को, जिन्हें सरकार की ओर से जमीन आवंटित की गई थी, अब अपने कुल बेड का 10 प्रतिशत हिस्सा गरीब मरीजों के लिए आरक्षित रखने होंगे।

सरकारी अस्पतालों से रेफर किए गए मरीजों के लिए यह बेड आरक्षित रखना अनिवार्य होगा। इस फैसले के तहत कोलकाता के कुल 17 बड़े निजी अस्पतालों में मौजूद 6,573 बेड में से 660 बेड अब गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित किए जाएंगे।

इनमें प्रमुख अस्पताल हैं -अपोलो अस्पताल (75 बेड), फोर्टिस हेल्थकेयर (33 बेड), रूबी जनरल अस्पताल (40 बेड), पीयरलेस अस्पताल (67 बेड), नारायणा (68 बेड), केपीसी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (106 बेड) सहित अन्य नामी संस्थान शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, दो बड़े निजी अस्पताल फिलहाल सरकार के इस नियम को मानने के लिए तैयार नहीं हुए हैं। अब राज्य सरकार सोमवार को जिलों के निजी नर्सिंग होम संचालकों और निजी मेडिकल कालेजों के साथ बैठक करेगी, ताकि इसी माडल को पूरे राज्य में लागू किया जा सके।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन आरक्षित बेड पर अगर सरकारी अस्पतालों से रेफर मरीज भर्ती किए जाते हैं, तो संबंधित निजी अस्पतालों को इलाज का खर्च सरकार की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में दिया जाएगा।

इस फैसले को राज्य में गरीब मरीजों के लिए बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

कोलकाता के रेड रोड पर होगा योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम

21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम इस बार कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे।

पहले इस कार्यक्रम के लिए कोलकाता के ऐतिहासिक व विशाल ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर विचार किया जा रहा था, लेकिन बारिश की संभावना को देखते हुए अब आयोजन स्थल उसके ठीक पास में स्थित रेड रोड तय किया गया है।

राज्य सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक के बाद पुष्टि हुई कि इस कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोग प्रधानमंत्री के साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।

प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कोलकाता पुलिस को प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग की जिम्मेदारी दी गई है, जो लोग पीएम के साथ योगाभ्यास में हिस्सा लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *