पश्चिम एशिया में 36 दिनों से अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने पिछले 24 घंटों में अमेरिकी हवाई वर्चस्व को गंभीर चुनौती देने का दावा किया है।
रिवोल्यूशनरी गार्ड के अनुसार, इस अवधि में दो अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराया गया तथा तीन सैन्य हेलीकाप्टरों को नुकसान पहुंचाया गया।
यदि इन दावों की पुष्टि होती है तो पिछले 20 वर्षों में यह पहला मौका होगा जब युद्धक्षेत्र में अमेरिकी लड़ाकू विमान दुश्मन की कार्रवाई में गिराया गया हो।
अमेरिकी सेना ने दावों की नहीं की पुष्टि
पिछली बार 2003 में इराक युद्ध में ए-10 थंडरबोल्ट-2 के साथ ये वाकया हुआ था। ईरान की ओर से इन घटनाओं से जुड़े वीडियो और फोटो भी जारी किए गए हैं।
हालांकि पेंटागन और अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ईरान सेना ने दावा किया कि नई हवाई रक्षा प्रणाली सटीक काम कर रही है और हम जल्दी ही अपने हवाई क्षेत्र पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लेंगे।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल में राष्ट्र के नाम संदेश में कहा था कि अमेरिकी विमान तेहरान और ईरान के अन्य हिस्सों में बिना किसी बाधा के उड़ान भर रहे हैं तथा ईरान की वायुसेना को लगभग निष्कि्रय कर दिया गया है।