ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर अपना रुख और सख्त कर लिया है। तेहरान ने मंगलवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से साफ कहा कि उसकी मांगें पूरी होने तक वाशिंगटन से कोई बातचीत नहीं होगी।
ईरानी मीडिया की इस खबर से संकेत मिलता है कि पाकिस्तान की मध्यस्थता के बावजूद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक गतिरोध बना हुआ है।
ईरानी समाचार माध्यम नूरन्यूज के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने तेहरान में मुनीर के साथ मुलाकात के दौरान मध्यस्थता के प्रयासों और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा की।
ईरान के आधिकारिक बयान के अनुसार, मुनीर ने संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गलीबाफ से भी मुलाकात की। गलीबाफ ने कहा कि जब तक अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए ईरान की ओर से पिछले महीने रखी गई सात शर्तें पूरी नहीं करता, तब तक वह तेहरान का भरोसा नहीं जीत सकता।
ईरान की प्रमुख मांगों में उसके बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करना, तेल निर्यात पर लगे प्रतिबंध हटाना और क्षेत्र के सभी मोर्चों पर शत्रुता समाप्त करना शामिल है।
ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने भी मुनीर के साथ अलग मुलाकात में यही रुख दोहराया। रेजाई ने यह भी स्पष्ट किया कि संवर्धित परमाणु सामग्री ईरान में ही रहेगी और उसे विदेश नहीं भेजा जाएगा।
उन्होंने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई के रुख का हवाला देते हुए कहा कि हथियार-स्तर के करीब पहुंच चुके यूरेनियम को देश से बाहर भेजने का सवाल नहीं उठता।
होर्मुज में हलचल आईएएनएस के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में तनाव बढ़ने के बीच ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि मंगलवार को उसकी नौसेना की ओर से बिछाई गई समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में आग लग गई।
इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि देश पर किसी भी हमले का जवाब दिया जाएगा। आईआरजीसी ने अपने आधिकारिक समाचार माध्यम सेपाह न्यूज पर जारी बयान में कहा कि दोनों टैंकर स्ट्रेट के दक्षिण में स्थित उसके बताए गए ‘अवैध’ मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान वे बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। आइआरजीसी ने एक अन्य अभियान का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसके वायु रक्षा बलों ने सोमवार रात होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया। अमेरिकी सेना की तरफ से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।