‘ईरान धौंस जमाने वालों के सामने नहीं झुकेगा’, नई दिल्ली में अमेरिका और इजरायल पर बरसे राष्ट्रपति पेजेश्कियान…

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने शुक्रवार को अमेरिका और इजरायल को सीधा संदेश देते हुए कहा कि ईरान “धौंस” व “अहंकार” के सामने नहीं झुकेगा और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा।

धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और कारोबारियों की एक सभा को संबोधित करते हुए पेजेश्कियान ने खाड़ी क्षेत्र के लिए ईरान के नजरिये को सामने रखा।

उन्होंने शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया और ईरानी समाज में फूट के बीज बोने की कोशिश करने वाली विदेशी ताकतों को हराने का संकल्प लिया।

साथ ही कहा, “हम जुल्म के आगे नहीं झुकेंगे। ईरान, इजरायल व अमेरिका का डटकर सामना कर रहा है क्योंकि हम धौंस में नहीं आएंगे। अगर वे हम पर दबाव डालेंगे, तो हम भी उन्हें करारा जवाब देंगे।”

पेजेश्कियान ने अमेरिका और इजरायल की सेनाओं को “असली आतंकी” करार दिया और दक्षिणी ईरान में एक प्राइमरी स्कूल के पास हुए अमेरिकी हमले का जिक्र किया, जिसमें 168 बच्चे मारे गए थे।

उन्होंने कहा, “उन्हें अस्पतालों, बुनियादी ढांचे और लोगों की आजीविका को निशाना बनाने के बजाय हमारे सैनिकों से लड़ना चाहिए। उन्हें लगता है कि जरूरी चीजों की कमी के कारण लोग हार मान लेंगे, लेकिन ईरान के लोग हार नहीं मानेंगे।”

ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, ‘अमेरिका और इजरायल वैसी ही गलतियां कर रहे हैं जैसे कोई बेलगाम जंगली घोड़े पर सवार हो। इससे वे बर्बादी और नरक की आग की ओर बढ़ेंगे। ईश्वर ने ईरानियों, चीनियों, भारतीयों व अन्य लोगों को बनाया है और हमें एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर रहना है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *