ईरान ने ट्रंप के प्रस्ताव को किया खारिज, सामने रखीं अपनी 5 शर्तें; होर्मुज जलडमरूमध्य भी शामिल…

 ईरान ने युद्ध समाप्त करने के अमेरिका के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। ईरान का कहना है कि वो अमेरिका की नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर इस युद्ध को खत्म करेगा।

ईरान ने वेस्ट एशिया में छिड़े युद्ध को खत्म करने के लिए अमेरिका के सामने पांच शर्तें रखी हैं, जिनमें होर्मुज जलडमरूमध्य पर संप्रभुता का प्रस्ताव भी शामिल है।

एक उच्च-स्तरीय राजनयिक सूत्र ने अल जजीरा को पुष्टि की है कि तेहरान को संयुक्त राज्य अमेरिका की 15-सूत्रीय योजना मिल गई है, लेकिन उसने अमेरिका के प्रस्ताव को ‘बहुत ज्यादा डिमांड वाला और अनुचित’ बताया है।

ईरान ने अमेरिका के सामने रखीं ये 5 शर्त

  • हमले और हत्या की घटनाएं बंद हों
  • सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म हो
  • दोबारा युद्ध ना हो, ठोस तंत्र बने
  • युद्ध नुकसान की भरपाई, मुआवजा तय हो
  • होर्मुज जलडमरूमध्य पर अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिले

अपनी शर्तों पर युद्ध खत्म करेगा ईरान

अमेरिकी प्रस्ताव के बारे में जानकारी रखने वाले एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने प्रेस टीवी से बात करते हुए कहा, ‘ईरान युद्ध तब खत्म करेगा जब वह ऐसा करने का फैसला करेगा और जब उसकी अपनी शर्तें पूरी हो जाएंगी।’

अधिकारी ने आगे कहा, ‘ईरान का इरादा अमेरिका के खिलाफ अपना बचाव जारी रखने का है और उसने कसम खाई है कि जब तक उसकी शर्तें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक वह जोरदार हमले करता रहेगा।’

अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि अमेरिका ने अतीत में भी दो बार बातचीत के दौरान ईरान को धोखा दिया है और कहा कि पहले के दोनों ही मामलों में वाशिंगटन का सार्थक बातचीत में शामिल होने का कोई सच्चा इरादा नहीं था।

अमेरिका ने रखा था 15-सूत्रीय प्रस्ताव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार, 23 मार्च को बताया था कि उन्होंने ईरान को 15-सूत्रीय प्रस्ताव भेजा है। ट्रंप ने यह भी कहा था कि ईरान के साथ अमेरिका की सार्थक बातचीत चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *