इजरायल की धमकियों के बीच ईरान ने वैश्विक समर्थन जुटाने की कोशिशें बढ़ाईं…

मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ईरान ने रविवार देर रात इजरायल पर एक के बाद एक 11 मिसाइलें दागी। इजरायली सेना ने इन सभी मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। वहीं ईरान द्वारा किए गए इस हमले के बाद मध्य और उत्तरी इजरायल में सायरन गूंज रहे हैं।

इजरायली सेना ने इसे ईरान की बड़ी गलती बताते हुए अंजाम भुगतने की कड़ी चेतावनी दी है। इजरायल के शिक्षा मंत्रालय और सेना के गृह मोर्चा कमान ने घोषणा की कि सोमवार को देश भर के सभी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं इरान ने इस हमले को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत ‘आत्मरक्षा का अधिकार’ बताते हुए अमेरिका और इजरायल को किसी भी नई कार्रवाई पर और भी भयावह अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है।

फ्रांस, कतर, ब्रिटेन और तुर्की के मंत्रियों को घुमाया फोन

यही नहीं इजरायल पर किए हमले के तुरंत बाद ईरान ने वैश्विक स्तर पर अपनी राजनयिक सक्रियता तेज कर दी है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने फ्रांस, कतर, ब्रिटेन और तुर्की के विदेश मंत्रियों के साथ-साथ पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व से भी आपातकालीन फोन कॉल पर बातचीत की है।

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अराघची ने ब्रिटेन की विदेश सचिव यवेट कूपर और तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान से भी बात की। इसके अलावा, अराघची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से भी बातचीत की, जिन्होंने ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

अराघची ने इन देशों के सामने इजरायल के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई को संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत ‘आत्मरक्षा का अधिकार’ बताया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इजरायल या अमेरिका ने लेबनान या ईरान के खिलाफ कोई भी नई आक्रामक हिमाकत की, तो ईरानी सेना इसका और भी ‘करारा और व्यापक’ जवाब देगी।

इजरायल में बजे सायरन

ईरान द्वारा किए हमले के बाद इजरायल के बाद इजरायल के हाइफा , कैसरिया और हदेरा सहित उत्तरी और मध्य इजरायल के बड़े हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बजे। इजरायल की आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम ने कहा कि मिसाइलों से प्रत्यक्ष रूप से किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है, हालांकि आश्रयों में भागते समय कई लोग घायल हो गए।

सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा, “ईरानी आतंकवादी शासन ने एक बार फिर आतंक का रास्ता चुनकर एक गंभीर गलती की है। वहीं, इजरायली सैन्य प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने कड़ी प्रतिक्रिया का वादा करते हुए कहा कि सेना “जैसे ही हरी झंडी मिलेगी, दुश्मन पर बलपूर्वक हमला करेगें”।

वहीं तेहरान ने कहा कि मिसाइल हमले बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर दिन में पहले हुए इजरायली हवाई हमले के बाद एक चेतावनी के तौर पर किए गए थे। ईरान ने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की और आक्रामकता से पूरे क्षेत्र में अमेरिकी और इजरायली ठिकानों पर व्यापक जवाबी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *