अमेरिका ने ईरान में घुसकर ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी है। अमेरिका ने ईरान के आस-पास अपने एयरक्राफ्ट कैरियर भी तैनात कर दिए हैं।
अमेरिका की रणनीति पर नजर रखते हुए ईरान ने अपने क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश करने वाली किसी भी ताकत को चेतावनी जारी करते हुए कहा, ‘उसकी सेना हमलावरों के पैर काट देगी।’
घुसपैठ करने वाले के काट देंगे पैर
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के खातम अल-अनबिया मुख्यालय के प्रवक्ता इब्राहिम जोल्फागरी ने मंगलवार को सरकारी मीडिया प्रेस टीवी को बताया कि ईरान किसी भी हमले का निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है।
प्रेस टीवी ने उन रिपोर्ट्स का हवाला भी दिया कि अगर अमेरिका जमीनी आक्रमण करता है तो रूसी चेचन इकाइयां ईरान में तैनात होने के लिए तैयार हैं।
‘करीब आओ, हम इंतजार कर रहे हैं’
ईरान के प्रेस टीवी ने एक नया वीडियो दिखाया है, जिसमें इस्लामिक गणराज्य की सेना ने अपने कमांडो के क्लिप दिखाए और कहा कि वह अमेरिकी सैनिकों का सामना करने और उन्हें हराने के लिए तैयार हैं।
59-सेकंड के इस वीडियो में ईरानी विशेष बलों के तेजी से बदलते दृश्यों का एक मोंटाज दिखाया गया है, जिसके साथ जोशीला गाना बज रहा है और यह संदेश दिया गया है ‘करीब आओ, हम तुम्हारा इंतजार कर रहे हैं।’