ईरान और इजरायल के बीच युद्ध थमता नजर नहीं आ रहा है। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का आज 22 वां दिन है।
इजरायल ने ईरान पर फाइटर जेट से हमला करने की कोशिश की, लेकिन ईरान का दावा है कि उसने फाइटर जेट को हवा में ही मार गिराया।
ईरान का इजरायली फाइटर जेट मार गिराने का दावा
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने शनिवार, 21 मार्च को कहा कि उन्होंने मध्य ईरान के ऊपर एक इजरायली F-16 फाइटर जेट को निशाना बनाया था।
गार्ड्स ने ‘सेपाह न्यूज’ वेबसाइट पर कहा, ‘जायोनी शासन से संबंधित एक दुश्मन F-16 फाइटर जेट पर सुबह 3:45 बजे मध्य ईरान में हमला किया गया।’
इजरायल ने दावे को किया खारिज
इजरायल ने बताया कि ईरान में एक ऑपरेशनल गतिविधि के दौरान एक इजरायली विमान पर सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागी गई थी। इजरायली सेना ने आगे बताया, ‘इस हमले में विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।’
इजरायली सेना ने यह नहीं बताया कि वह किस तरह का जेट था। यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि ईरान और इजरायल के ये बयान एक ही घटना से संबंधित थे या नहीं।
अमेरिका के F-35 पर हमला
IRGC ने कुछ दिन पहले यह भी दावा किया था कि एक अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान आसमान में ही मार गिराया गया था और उसे गंभीर नुकसान पहुंचा।
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, एक अमेरिकी F-35 विमान ने मध्य पूर्व में स्थित एक अमेरिकी हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग की थी। माना जाता है कि उसे ईरान की ओर से की गई गोलाबारी के कारण नुकसान पहुंचा था।